
Sonbhadra News-प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के साथ धान खरीद के मामले में दोहरा चरित्र अपनाया जा रहा है। बगल के जनपद चन्दौली में जहां धान की खरीद जारी है, वहीं सोनभद्र जनपद में 15 जनवरी से धान खरीद अचानक बंद कर दी गई, जो किसानों के साथ अन्याय है। यह आरोप किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक सन्दीप मिश्र ने लगाया।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जनपद सोनभद्र में लगभग 1 लाख 20 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में मात्र 1 लाख 3 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद कर क्रय प्रक्रिया को अचानक रोक दिया गया। जबकि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में धान की पैदावार अधिक हुई है। ऐसे में खरीद बंद किया जाना किसानों के साथ सौतेला व्यवहार और बड़ा अन्याय है।
सन्दीप मिश्र ने कहा कि किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा सरकार के इस अन्यायपूर्ण निर्णय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा और प्रदेश सरकार से मांग करता है कि जनपद में धान खरीद तत्काल पुनः शुरू कराई जाए।
उन्होंने बताया कि इसी मांग को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा सोमवार, 19 जनवरी को जनपद के धान उत्पादक क्षेत्र विजयगढ़–रामगढ़, जिसे जिले का धान का कटोरा कहा जाता है, स्थित रामगढ़ क्रय केन्द्र पर धरना-प्रदर्शन करेगा। इस संबंध में शासन-प्रशासन को पत्र के माध्यम से पूर्व सूचना दे दी गई है।
रिपोर्ट:रवि पाण्डेय



