
Sonbhadra News-जनपद में कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला हड़वरिया (परसवा) में गुरुवार की देर रात मामूली पारिवारिक विवाद ने अचानक बड़ा रूप ले लिया। वही विवाद शांत कराने पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के लाठी-डंडों व ईंट–पत्थर चलाने से हेड कांस्टेबल संतोष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पथराव में पुलिस की गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। वही स्थिति बिगड़ने पर रात में ही अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
परिवारिक विवाद की सूचना:- कोन थाना क्षेत्र के हड़वरिया निवासी सुदर्शन राम ने गुरुवार रात लगभग 7:53 बजे डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि उनके बेटे-बहू और बड़े बेटे के बीच जमकर लाठी-डंडो व ईंट–पत्थर से मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल लालमणि कन्नौजिया और चालक अभिमन्यु मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी पक्षों को शांत रहने और थाने चलकर बयान देने की बात कही।
ऐसे हुई घटना:- पुलिस के समझाने के बावजूद ग्रामीण वही पंचायत करने की जिद पर अड़ गए और देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई। इस बीच लोगों ने पुलिस की बात अनसुनी करते हुए नोकझोंक शुरू कर दी।वही स्थिति बिगड़ती देख पुलिस टीम ने तत्काल थानाध्यक्ष संजीव सिंह को सूचना दी तो दो गाड़ियां लेकर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल वहां पहुंचा ही था कि अचानक भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर लाठी-डंडों व ईंट–पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। इस पथराव में कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। हेड कांस्टेबल संतोष यादव को गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए।
कार्रवाई :- वही घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरी रात इलाके में पुलिस की तैनाती रही। इस हमले में घायल हेड कांस्टेबल संतोष यादव की तहरीर पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर कुल 11 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में आरोपितों पर धारा 147, 332, 353, 504, 506, 186 तथा 7 सीएल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 5 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि शेष की तलाश जारी है।
बोले प्रभारी निरीक्षक :- पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुए झड़प को लेकर प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नही जाएगा। ग्रामीणों ने सीधे कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। किसी भी कीमत पर अपराध बढ़ने नही दिया जाएगा और जिस भी व्यक्ति ने पुलिस पर हमला किया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
वही गुरुवार की रात हुई यह घटना क्षेत्र में दिनभर चर्चा का विषय बनी रही। पुलिस पूरे प्रकरण पर सख्त रुख अपनाए हुए है।
रिपोर्ट :- रवि पाण्डेय
Sonbhadra News-Read Also-Lucknow News : पिटर पैटर किड्ज के वार्षिक उत्सव में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध



