सोनभद्र। जादू-टोना के शक में मासूम की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा।

सोनभद्र। आज एआई के युग मे जादूटोना को लेकर बड़ी घटनाएं घटित हो जाना आश्चर्यचकित करती है। ऐसी ही एक दिल दहलाने वाली घटना पन्नूगंज थाना क्षेत्र में दस वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। रामगढ़ कस्बे में हुई इस वारदात में पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने जादू-टोना के शक में मासूम का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू भी बरामद किया गया है।

इस हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपी युवक दिवाकर गुप्ता को शक था कि मृतक बालक की मां जादू-टोना करती है और उसी के कारण उसके परिवार पर संकट आया है। यही शक इस खौफनाक वारदात की वजह बन गया।दरअसल बीते 14 मार्च की रात लगभग साढ़े आठ बजे के आसपास रामगढ़ कस्बे में खेलकर घर लौट रहे दस वर्षीय बालक को आरोपी ने रास्ते में रोक लिया और धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

दरअसल पन्नूगंज थाना क्षेत्र के कस्बा रामगढ़ में रहने वाले दस वर्षीय बालक आर्यन गुप्ता पुत्र राजू गुप्ता बीते 14 मार्च की रात अपने एक साथी के साथ खेलकर घर लौट रहा था।इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे पड़ोस में रहने वाले दिवाकर गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता उम्र करीब 20 वर्ष ने दोनों बच्चों को रोक लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर आर्यन को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी को लंबे समय से यह शक था कि मृतक बालक की मां जादू-टोना करती है। आरोपी का कहना है कि करीब 15 वर्ष पहले उसके भाई की जलकर मौत हो गई थी और तब से उसे लगता था कि यह सब जादू-टोना के कारण हुआ है और उसकी मां भी इसी वजह से परेशान रहती है। इसी अंधविश्वास के चलते आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।

Also Read: सोनभद्र। 25 हजार रुपये का इनामी हत्यारोपी 22 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर एसओजी और पन्नूगंज पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया जिन्होंने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकरहट नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई।

रिपोर्ट : रवि पाण्डेय
सोनभद्र

Show More

Related Articles

Back to top button