Singapore में भारतीय समुदाय से संवाद : Yogi Adityanath ने रखा ‘नए उत्तर प्रदेश’ का विजन

Singapore : सिंगापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय समुदाय से संवाद कर नए उत्तर प्रदेश का विजन रखा। 9 वर्षों में तीन गुना हुई अर्थव्यवस्था, निवेश और पर्यटन के लिए प्रवासी भारतीयों को दिया खुला निमंत्रण।

Singapore : सिंगापुर दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां बसे भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए ‘नए उत्तर प्रदेश’ की विकास गाथा और भविष्य की संभावनाओं का विस्तृत खाका पेश किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो प्रदेश कभी दंगों और कर्फ्यू के लिए जाना जाता था, आज वही निवेश, औद्योगिक प्रगति, आस्था और सुशासन का मॉडल बन चुका है।

उन्होंने कहा, “अब उत्तर प्रदेश में न दंगा है, न कर्फ्यू, अब सब चंगा है।” संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासी भारतीयों को आगामी होली की शुभकामनाएं भी दीं और प्रदेश में निवेश, पर्यटन व औद्योगिक साझेदारी के लिए खुला निमंत्रण दिया।

विरासत और विकास का संतुलित मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने ‘विरासत और विकास’ का अनूठा संगम प्रस्तुत किया है। उन्होंने Narendra Modi के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करते हुए सांस्कृतिक धरोहरों के पुनरुत्थान और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर समान बल दिया है।

उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास और मथुरा-वृंदावन की सांस्कृतिक पहचान को प्रदेश की आस्था और आत्मगौरव का प्रतीक बताया। महाकुंभ का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यह समरसता और एकता का जीवंत दृश्य है, जहां करोड़ों लोग बिना भेदभाव के एक साथ आस्था की डुबकी लगाते हैं।

9 वर्षों में तीन गुना हुई अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था बीते नौ वर्षों में तीन गुना हो चुकी है और प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में 34 से अधिक सेक्टोरल नीतियां लागू हैं और 75,000 एकड़ का लैंड बैंक निवेशकों के लिए उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि आज भारत में बनने वाले लगभग 55% मोबाइल फोन और करीब 60% इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। निर्बाध विद्युत आपूर्ति और बेहतर कानून-व्यवस्था ने निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है।

प्रवासी भारतीयों को निवेश का निमंत्रण

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के किसी भी कोने में रहने वाला भारतीय अपनी संस्कृति और मातृभूमि से जुड़ा रहता है। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की अवधारणा को भारत की प्राचीन देन बताते हुए कहा कि ‘ग्लोबल विलेज’ का विचार भारत ने सदियों पहले दिया था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ इसी भारतीय चिंतन की आधुनिक अभिव्यक्ति है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और उत्तर प्रदेश इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त एवं एसीएस फाइनेंस दीपक कुमार, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक एन अंबुले और ग्लोबल इंडियन स्कूल के संस्थापक अतुल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button