
Shankh Vastu Tips: हिंदू धर्म में शंख को अत्यंत पवित्र और शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इसका संबंध माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु से जुड़ा हुआ है, इसलिए पूजा-पाठ में इसका विशेष महत्व होता है। कहा जाता है कि जिस घर में नियमित रूप से शंख बजाया जाता है, वहां सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शंख का उद्भव समुद्र मंथन के दौरान हुआ था। यही कारण है कि इसे सौभाग्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। पूजा के समय शंख बजाने से वातावरण शुद्ध होता है और मन एकाग्र रहता है।
शंख का स्वास्थ्य से क्या है संबंध?
यह केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी लाभकारी माना जाता है। शंख बजाने से फेफड़े मजबूत होते हैं और सांस लेने की क्षमता बेहतर होती है। यह एक तरह की ब्रीदिंग एक्सरसाइज है, जो शरीर को एक्टिव रखती है। शंख की ध्वनि दिमाग को शांत करती है, तनाव कम करती है और एकाग्रता बढ़ाती है। साथ ही यह गले की मांसपेशियों को मजबूत बनाती है और शरीर में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखती है।
शंख रखने की विधि
शंख को घर में रखने के लिए भी कुछ विशेष नियम बताए गए हैं। इसे हमेशा पूजा स्थान या घर के ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में रखना चाहिए। इसे कभी भी सीधे जमीन पर नहीं रखना चाहिए, बल्कि किसी साफ आसन या स्टैंड पर स्थापित करना चाहिए। पूजा में उपयोग किए जाने वाले शंख में जल भरकर रखा जाता है और पूजा के बाद इस जल का छिड़काव पूरे घर में किया जाता है।
Also Read: CSK vs PBKS: दो भाइयों के बीच टक्कर, IPL में आज खास मुकाबला
ध्यान देने वाली बात यह है कि शंख को बिना कारण नहीं बजाना चाहिए और उपयोग के बाद इसे साफ करना जरूरी होता है। साथ ही भगवान शिव की पूजा में शंख से जल अर्पित नहीं किया जाता। अगर सही नियमों के साथ शंख की पूजा की जाए, तो यह घर में सुख-शांति, समृद्धि और धन का मार्ग खोल सकता है।
Written By: Kalpana Pandey



