
Custodial Death India: Tamil Nadu के चर्चित सथानकुलम कस्टोडियल डेथ मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए नौ पुलिसकर्मियों को मौत की सजा सुनाई है। यह मामला वर्ष 2020 में पिता-पुत्र की हिरासत में मौत से जुड़ा था, जिसने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक, P. Jayaraj और उनके बेटे J. Bennix को 19 जून 2020 को लॉकडाउन के दौरान तय समय से अधिक समय तक मोबाइल की दुकान खुली रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में यह आरोप झूठा साबित हुआ। दोनों को Sathankulam Police Station ले जाया गया, जहां कथित रूप से रात भर बेरहमी से प्रताड़ित किया गया। कुछ दिनों बाद दोनों की मौत हो गई।
इस मामले की सुनवाई करते हुए Madurai की अदालत ने इसे “अधिकार के दुरुपयोग” का गंभीर मामला बताया। अदालत ने कहा कि पिता और पुत्र को निर्वस्त्र कर प्रतिशोध की भावना से पीटा गया, जिसकी क्रूरता पढ़कर ही दिल कांप उठता है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला पुलिस के खिलाफ नहीं, बल्कि कानून के दुरुपयोग के खिलाफ है।
मामले की जांच Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंपी गई थी। जांच के दौरान एक महिला कांस्टेबल की गवाही और कई प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सामने आए, जिनमें पुलिस स्टेशन के अंदर खून के निशान मिलने की बात कही गई। इस मुकदमे के दौरान 100 से अधिक गवाहों से पूछताछ की गई।
सीबीआई ने इस मामले को “दुर्लभतम” श्रेणी का बताते हुए अधिकतम सजा की मांग की थी। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने नौ पुलिसकर्मियों को दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई। इस फैसले को देश में मानवाधिकारों और न्याय व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Written By: Kalpana Pandey



