
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लेट्स गिव होप फाउंडेशन द्वारा “नेतृत्व – महिला कौशल विकास कार्यक्रम 2026” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कैसरबाग स्थित राय उमा नाथ बली ऑडिटोरियम, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखनऊ की 37 प्रतिभाओं को “सक्षम भारत अवार्ड – रजनी वर्मा 2026” से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में 28 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल रहे, जिन्होंने समाज सेवा, शिक्षा, कला, उद्यमिता और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश रेलवे के महानिदेशक श्री प्रकाश डी., आईपीएस मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सुश्री अर्चना येमेश्वरी, डॉ. अमित कुमार राय और प्रसिद्ध लोकगायिका संजोली पांडेय कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सृष्टि सिंह द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई, जिसने पूरे सभागार को भक्तिमय माहौल से भर दिया। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने महिलाओं को कौशल आधारित आजीविका, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
Also Read: राम चरण की फिल्म ‘पेड्डी’ का नया पोस्टर जारी, नए लुक में दिखीं जाह्नवी कपूर
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष आशीष मौर्य ने बताया कि लेट्स गिव होप फाउंडेशन आने वाले समय में प्रदेश भर में “सक्षम स्किल सेंटर” स्थापित करने की योजना पर काम कर रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और समाज में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
रिपोर्टर: निखिल श्रीवास्तव


