
Lucknow News. अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य स्थित रेडमंड सिटी काउंसिल का चुनाव जीतकर इतिहास रचने वाली मेनका सोनी ने शुक्रवार को लखनऊ आगमन पर नगर निगम मुख्यालय में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर आत्मीय संवाद हुआ और महापौर ने मेनका सोनी को उनकी ऐतिहासिक सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि मेनका सोनी की जीत न केवल लखनऊ बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि भारतीय महिलाएं अपने परिश्रम, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता के बल पर वैश्विक मंच पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
मेनका सोनी रेडमंड सिटी काउंसिल का चुनाव जीतने वाली पहली प्रवासी भारतीय-अमेरिकी महिला हैं। उनकी यह सफलता देश-विदेश में रह रहे भारतीय समुदाय के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है। शिष्टाचार भेंट के दौरान मेनका सोनी ने महापौर का आभार व्यक्त किया और कहा कि लखनऊ से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है।
आगरा में जन्मी मेनका सोनी का पालन-पोषण और शिक्षा लखनऊ में हुई। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और लगभग दो दशकों तक लखनऊ में रहकर अपने करियर की मजबूत नींव रखी। यहीं से उन्होंने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की, जो आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा।
कई कंपनियों में की नौकरी
करीब 30 वर्षों के कॉर्पोरेट अनुभव के साथ मेनका सोनी ने Microsoft, Starbucks, General Motors और T-Mobile जैसी वैश्विक कंपनियों में अहम जिम्मेदारियां निभाईं। विविध क्षेत्रों में कार्य अनुभव और सामाजिक सरोकारों के चलते उन्होंने सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में कदम रखा और रेडमंड सिटी काउंसिल के चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की।
लखनऊ प्रवास के दौरान मेनका सोनी ने कहा कि यह शहर उनकी पहचान, संस्कार और आत्मविश्वास की आधारशिला है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और लखनऊ की मिट्टी को दिया। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा युवा पीढ़ी, विशेषकर महिलाओं के लिए यह संदेश है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से वैश्विक मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री के.के. शुक्ला, पार्षद श्री सौरभ सिंह ‘मोनू’, श्री अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’, श्री राघव राम तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें – UP-FARMERS-सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ लें किसान : सतीश चंद्र शर्मा



