Prayagraj News-नवचयनित प्रशिक्षु लेखपालों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Prayagraj News-सर्किट हाउस सभागार में शुक्रवार को नवचयनित प्रशिक्षु लेखपालों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 216 लेखपालों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती विनीता सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर श्री सत्यम मिश्र, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री संजीव कुमार शाक्य तथा नगर मजिस्ट्रेट श्री विनोद कुमार सिंह मौजूद रहे।

प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग की रीढ़ हैं। भूमि पैमाइश, अंश निर्धारण जैसे कार्य सीधे जनता से जुड़े होते हैं और इनका निपटारा लेखपाल की दक्षता पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु लेखपाल पूरे मनोयोग और ईमानदारी से कार्य कर जनता का विश्वास जीतें।

एडीएम नगर सत्यम मिश्र ने कहा कि सरकारी सेवा को केवल नौकरी न मानें, बल्कि इसे समाज सेवा का अवसर समझें। उन्होंने भू-लेख नियमावली और राजस्व संहिता की गहन जानकारी प्राप्त करने पर जोर देते हुए कहा कि लेखपाल प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सकारात्मक सोच और निष्पक्ष कार्यशैली से ही शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण संभव है।

अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे और नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और निष्ठा अनिवार्य है। प्रशिक्षु लेखपाल सीधे जनता से जुड़े होते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी लेखपाल गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्य कर आमजन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्री गणेश कनौजिया, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री अफशार अहमद, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री युवराज सिंह सहित सभी प्रशिक्षु लेखपाल उपस्थित रहे।

Prayagraj News-Read Also-Prayagraj News-नगर निगम सदन की बैठक में कई अहम निर्णय

रिपोर्ट: राजेश मिश्रा प्रयागराज

Show More

Related Articles

Back to top button