
Prayagraj encounter: यूपी पुलिस का “ऑपरेशन लंगड़ा” एक बार फिर चर्चा में है। प्रयागराज के फूलपुर इलाके में आज तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद इस ऑपरेशन की गूंज और तेज हो गई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
कैसे हुई मुठभेड़?
घटना आज सुबह करीब 4 बजे की है जब फूलपुर थाने की पुलिस और एसओजी की टीम लिलहट नहर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान, बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को देखकर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। संदिग्धों ने रुकने की बजाय अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान, पुलिस की गोली बदमाश रमेश सरोज (निवासी- सराय नहर गांव, थाना जेठवारा, प्रतापगढ़) के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका दूसरा साथी मौके से भागने में कामयाब रहा। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
कौन है रमेश सरोज?
पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश रमेश सरोज ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर 24 अगस्त को फूलपुर के सराफा कारोबारी शिव शंकर सोनी से लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस द्वारा बरामद किया गया सामान उसी लूट का हिस्सा है।
Prayagraj encounter: also read- Prayagraj News- -छिवकी जंक्शन पर अवैध अंग्रेज़ी शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार
क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने रमेश सरोज के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- एक किलो सफेद धातु (जेवरात का बैग)
- एक बाइक
- एक तमंचा
- दो जिंदा कारतूस
- एक खोखा
ऑपरेशन ‘लंगड़ा’ क्या है?
यूपी पुलिस ने संगठित अपराधों और गंभीर वारदातों जैसे लूट, डकैती और हत्या में शामिल अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ नामक एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस ऑपरेशन का उद्देश्य अपराधियों को मारना नहीं, बल्कि उन्हें मुठभेड़ के दौरान उनके पैरों पर गोली मारकर घायल करना है ताकि उन्हें जिंदा पकड़ा जा सके। इससे अपराधियों के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और उनके खिलाफ अदालत में मजबूत सबूत पेश करने में मदद मिलती है। यह अभियान उत्तर प्रदेश में अपराध को नियंत्रित करने के लिए एक प्रभावी रणनीति साबित हुआ है।
रिपोर्ट: राजेश मिश्रा प्रयागराज