
Pratapgarh News: पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन प्रतापगढ़ में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री बृजनन्दन राय द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ग्रहण की और पुलिस कर्मियों के अनुशासन, एकरूपता, शारीरिक फिटनेस एवं कार्यकुशलता का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न टोलियों द्वारा ड्रिल एवं शस्त्र अभ्यास कराया गया। परेड में शामिल पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, वर्दी की शुद्धता, कदमताल की एकरूपता तथा परेड मानकों के अनुरूप प्रदर्शन का परीक्षण किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखते हुए कर्तव्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और अनुशासित पुलिस बल ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रख सकता है।
परेड निरीक्षण के दौरान रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए श्री राय ने कहा कि प्रशिक्षण काल जीवन का महत्वपूर्ण चरण होता है, जिसमें स्वयं को शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से मजबूत बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को समय की पाबंदी, शारीरिक फिटनेस, सत्यनिष्ठा, वर्दी की स्वच्छता और आम जनता के प्रति संवेदनशील एवं विनम्र व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।इसके उपरांत औपचारिक रिपोर्टिंग के दौरान विभागीय अभिलेखों का अवलोकन किया गया। लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक श्री राजीव कुमार राय सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



