
Pratapgarh News-कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य पूज्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्यों के खिलाफ दर्ज एफआईआर तथा कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।
डॉ. नीरज त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि कुंभ के दौरान मौनी अमावस्या के अवसर पर शंकराचार्य और उनके शिष्यों को स्नान से रोका गया तथा उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि कुछ बटुकों के साथ अपमानजनक घटना की खबरें सामने आई हैं, जिससे धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं। साथ ही दर्ज एफआईआर को प्रथम दृष्टया एकतरफा और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम शंकर द्विवेदी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता का मौलिक अधिकार प्राप्त है और ऐसी कार्रवाई संविधान की मूल भावना के विपरीत प्रतीत होती है। जिला उपाध्यक्ष विजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि यह मामला केवल एक धार्मिक पदाधिकारी का नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा है, इसलिए उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
जिला प्रवक्ता सुरेश कुमार मिश्र ने शिष्यों के साथ कथित अपमानजनक व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि एफआईआर की पारदर्शी जांच होनी चाहिए और शिकायत दर्ज कराने वालों की पृष्ठभूमि व परिस्थितियों की भी निष्पक्ष जांच हो।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भविष्य में धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी द्वारा दी गई।
रिपोर्ट-उमेश पांडे यूनाइटेड भारत
Pratapgarh News-Read Also-Shahid-film-शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ को नहीं मिल रहे दर्शक



