
Pratapgarh News-पूरे ईश्वर नाथ स्थित पौराणिक शिवाला मंदिर में आयोजित आठवें शिवाला महोत्सव की शाम उस समय खास बन गई जब मशहूर पार्श्व गायक रवि त्रिपाठी ने अपनी प्रस्तुति दी। उनके गीतों ने ऐसा माहौल बनाया कि श्रोता देर तक झूमते रहे और पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आद्या प्रसाद “उन्मत” की रचना “अउर केका देखाई बेवाई मइया…” सुनाई, जिसे सुनकर लोग भावुक हो उठे। इसके बाद जमुई खां आजाद का लोकप्रिय अवधी गीत “कथरी तोहार गुन उ जानय…” प्रस्तुत किया, जिस पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। रवि त्रिपाठी ने अन्य गीतों के माध्यम से जिले की साहित्यिक परंपरा को भी याद किया।
महोत्सव में स्थानीय संस्कृति और लोकभाषा का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजक परमानंद मिश्र, संयोजक शिवेश शुक्ल और समाजसेवी रोशन लाल उमरवैश्य सहित लोगों ने उनका स्वागत किया। कवियों ने भी अपनी रचनाओं से माहौल को और आकर्षक बना दिया।
समारोह के अंत में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को गायक रवि त्रिपाठी, सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव और अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में समाजसेवी, व्यापारी, कलाकार तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



