
Pratapgarh: मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को उपजिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर गौशाला एवं चारागाह की भूमि से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने और विभागीय योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने को कहा। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी को जीरो पावर्टी अभियान फेज-2 के तहत चयनित परिवारों का सात दिन के भीतर शत-प्रतिशत सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों के आवेदन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
Also Read: UGC-Act News-यूजीसी एक्ट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
इसके अलावा अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत अन्य विभागों को भी जीरो पावर्टी अभियान के अंतर्गत सभी पात्र परिवारों को योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया प्राथमिकता पर पूरी करने को कहा गया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य को कुंडा क्षेत्र में पट्टों की नीलामी 15 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सहायक श्रमायुक्त को अटल आवासीय योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत आवेदन समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया गया। बैठक के अंत में सीडीओ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सभी योजनाओं के लक्ष्यों की समय से पूर्ति, पारदर्शी क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों तक अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत दर्वे, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रियंका सोनी सहित कई जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- उमेश पाण्डेय जिला संवाददाता यूनाईटेड भारत



