
Pratapgarh News: जनसुनवाई को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आयोजित “थाना समाधान दिवस” के तहत आज प्रतापगढ़ जनपद के थाना कोतवाली नगर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर स्वयं थाना परिसर पहुंचे और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें, प्रार्थना पत्र और विभिन्न समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण का वस्तुनिष्ठ परीक्षण करते हुए गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न होकर प्रभावी और समयबद्ध होना चाहिए।
अभिलेखों की गहन जांच, पारदर्शिता पर जोर
जनसुनवाई के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में विभिन्न अभिलेखों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। इस दौरान आगंतुक पंजीकरण रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, मालखाना, शस्त्र रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, रोजनामचा सहित सीसीटीएनएस पोर्टल से संबंधित अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई।
एसपी ने अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव, अभिलेखन की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि जनता से जुड़े कार्यों में तत्परता और जवाबदेही बनी रहे, जिससे पुलिस व्यवस्था में आमजन का विश्वास और मजबूत हो।

Pratapgarh News: ग्राम पंचायत से सार्वजनिक अपेक्षा व भागीदारी ही जिम्मेदार नागरिक का दायित्व- लोकपाल
पुलिस-जन विश्वास को सुदृढ़ करने की पहल
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने उपस्थित नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए बताया कि “थाना समाधान दिवस” का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं पारदर्शिता को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत का निस्तारण न्यायसंगत और प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को न्याय की वास्तविक अनुभूति हो सके।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों को यह भी हिदायत दी गई कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना समाधान दिवस के माध्यम से जिला पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश देने का प्रयास किया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



