
PM Modi Assam Visit : नरेंद्र मोदी 13 और 14 मार्च को दो दिवसीय दौरे पर असम जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कोकराझार, गुवाहाटी और सिलचर में 47,800 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री 13 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे कोकराझार पहुंचेंगे, जहां वे 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद शाम करीब 5 बजे गुवाहाटी में लगभग 19,680 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
14 मार्च को प्रधानमंत्री सिलचर में करीब 23,550 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का भूमि पूजन और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पूर्वोत्तर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
कोकराझार में प्रधानमंत्री रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसमें बाशबारी में रेलवे की आवधिक मरम्मत (पीओएच) कार्यशाला की आधारशिला रखना शामिल है। इससे रेलवे रखरखाव ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे
इसके अलावा प्रधानमंत्री तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें कामाख्या–चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी–अगरतला एक्सप्रेस शामिल हैं। इन सेवाओं से उत्तर-पूर्व के राज्यों के बीच संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों व व्यापार को सुविधा मिलेगी।
गुवाहाटी में प्रधानमंत्री कई प्रमुख रेल विद्युतीकरण परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें रंगिया–मुरकोंगसेलेक और चापरमुख–डिब्रूगढ़ रेल लाइनों का विद्युतीकरण शामिल है। इसके साथ ही बदरपुर–सिलचर और बदरपुर–चुराईबारी रेल लाइनों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे
प्रधानमंत्री फुरकटिंग–तिनसुकिया रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। लगभग 3,600 करोड़ रुपये की इस परियोजना से रेल मार्ग की क्षमता बढ़ेगी और क्षेत्र में यात्री तथा मालगाड़ियों का संचालन अधिक सुगम होगा।
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से पूर्वोत्तर क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।



