
PM Modi Rajya Sabha Speech : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। विपक्ष के हंगामे और वॉकआउट के बावजूद पीएम मोदी ने अपना भाषण जारी रखा और कहा कि “जो लोग थक कर चले गए हैं, उन्हें भी जवाब देना होगा।”
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की चुनौतियों का समाधान देने वाला देश बन चुका है। उन्होंने आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के समय भारत दुनिया की छठी अर्थव्यवस्था था, लेकिन कांग्रेस के शासन में देश 11वें स्थान पर पहुंच गया। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास न तो स्पष्ट विजन था और न ही इच्छाशक्ति। उन्होंने कहा कि उस दौर में भारत की छवि को सुधारने में मौजूदा सरकार को काफी मेहनत करनी पड़ी। सरदार वल्लभभाई पटेल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरदार सरोवर बांध का सपना उन्होंने तब देखा था जब वे पैदा भी नहीं हुए थे, और प्रधानमंत्री बनने के बाद उस सपने को पूरा किया गया।
370 हटाने से लेकर आतंकवाद पर सख्ती तक का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस स्टार्टअप संस्कृति को कभी बढ़ावा नहीं दे सकी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अपने घर के स्टार्टअप तक को संभाल नहीं पा रही और हताश होकर “मोदी की कब्र खोदना चाहती है।” उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, पूर्वोत्तर में हिंसा में कमी, आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई और माओवादी इलाकों में विकास का उदाहरण दिया।
असम और भूपेन हजारिका पर बयान
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर असम के लोगों से नफरत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब भूपेन हजारिका को भारत रत्न देने का विरोध हुआ, तो उन्हें गहरा दुख हुआ। उन्होंने इसे न केवल असम बल्कि पूरे कला जगत का अपमान बताया।
नेहरू-इंदिरा गांधी पर तंज
पीएम मोदी ने जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के कथित बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में जनता को ही समस्या माना गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी लोकतंत्र में जनता को बोझ समझा जा सकता है?
बैंकिंग सुधारों और नीति आयोग का जिक्र
प्रधानमंत्री ने 2014 से पहले की “फोन बैंकिंग” पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के एक फोन पर अरबों रुपये मिल जाते थे। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुधार, बैंकों के विलय और नीति आयोग के गठन से व्यवस्था मजबूत हुई है और आज बैंक तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया
राहुल गांधी की टिप्पणी पर पीएम मोदी ने कहा कि किसी सांसद को गद्दार कहना पूरे देश और सिख समुदाय का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर सिखों के प्रति नफरत भरी हुई है, जिसे देश स्वीकार नहीं करेगा।
स्वास्थ्य योजनाओं का जिक्र
पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश में दिमागी बुखार और ट्रेकोमा जैसी बीमारियों पर काबू पाने का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने कभी इन समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से काम नहीं किया। उन्होंने इसे मौजूदा सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।



