Delhi: दिल्ली को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, दो नए मेट्रो कॉरिडोर सहित ₹33,500 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन

Delhi: देश की राजधानी दिल्ली को आज एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री Narendra Modi रविवार को दिल्ली में करीब 33,500 करोड़ रुपये की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का मकसद राजधानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और आम लोगों की रोजमर्रा की सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

इन योजनाओं में सबसे अहम है Delhi Metro के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन। प्रधानमंत्री लगभग 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क–मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर (पिंक लाइन) और 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक–मजलिस पार्क कॉरिडोर (मैजेंटा लाइन) को जनता को समर्पित करेंगे। इन मेट्रो परियोजनाओं की कुल लागत करीब 18,300 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

इन नए कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली के कई इलाकों में आवागमन पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा। खासकर बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़ और भलस्वा जैसे क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे उत्तरी और पूर्वी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ट्रैफिक दबाव भी कम हो सकता है।

अपने कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सरोजिनी नगर स्थित जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) टाइप-5 क्वार्टर का भी दौरा करेंगे। यहां वह महिला आवंटियों को नए घरों की चाबियां सौंपेंगे, जो सरकारी आवास परियोजना के तहत तैयार किए गए हैं।

Also Read: UP Lekhpal Mains Exam 2026: मई में होगी मुख्य परीक्षा, आयोग ने तिथि घोषित की

इसके अलावा प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें वह दिल्ली के विकास और आने वाले समय की योजनाओं पर अपने विचार साझा कर सकते हैं।

सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी में यातायात व्यवस्था, कनेक्टिविटी और शहरी सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही यह कदम दिल्ली को आधुनिक और बेहतर बुनियादी ढांचे वाले शहर के रूप में आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगा।

Written By: Kalpana Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button