
PM Modi CCS Meeting : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच Narendra Modi ने बुधवार को एक अहम उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री आवास पर हुई इस कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में क्षेत्रीय संकट के भारत पर संभावित प्रभावों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में Rajnath Singh, Amit Shah, Nirmala Sitharaman और S. Jaishankar सहित कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार, सरकार का मुख्य फोकस देश में LPG और PNG की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर रहा। इसके साथ ही खाद (फर्टिलाइजर) की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई, ताकि किसानों को किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि अंतरराष्ट्रीय हालात के बावजूद आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो। इसके लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
भविष्य की रणनीति पर चर्चा
सरकार ने संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की। इसमें ऊर्जा आपूर्ति, आर्थिक स्थिरता और आंतरिक सुरक्षा को लेकर तैयारियों का आकलन किया गया।
माना जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में जारी संकट का असर वैश्विक तेल और गैस सप्लाई पर पड़ सकता है, जिसका सीधा प्रभाव भारत जैसे आयात-निर्भर देशों पर होता है। ऐसे में केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरी कदम उठाने की तैयारी कर रही है।



