
PM Modi Energy Strategy : नई दिल्ली में पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने ईंधन संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को तेजी से बढ़ावा देने पर जोर दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यों को “टीम इंडिया” की भावना से काम करते हुए न केवल तत्काल चुनौतियों का सामना करना है, बल्कि दीर्घकालिक रणनीतियों पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान केंद्र और राज्यों के समन्वय का उदाहरण भी दिया।
सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री ने बायोफ्यूल, सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और GOBARdhan योजना जैसी पहलों को तेजी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के विस्तार पर भी जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री ने घरेलू स्तर पर तेल और गैस की खोज बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि आयात पर निर्भरता कम की जा सके। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में सप्लाई चेन और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयास मौजूदा हालात में सहायक साबित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे कई देशों में ईंधन संकट की स्थिति बन रही है। ऐसे में भारत सरकार दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा के लिए वैकल्पिक संसाधनों पर विशेष ध्यान दे रही है।
प्रधानमंत्री ने राज्यों से केंद्र के साथ बेहतर समन्वय, समय पर जानकारी साझा करने और त्वरित निर्णय लेने की अपील की, ताकि किसी भी संभावित संकट का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।



