
लखनऊ। उत्तर प्रदेश बीजेपी में नए प्रदेश अध्यक्ष की खोज अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार में वित्त राज्यमंत्री और महाराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी शनिवार को औपचारिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
सूत्र बताते हैं कि उनके नाम पर पिछले कई दिनों से सहमति बनती दिख रही थी और अब औपचारिक घोषणा की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। पंकज चौधरी OBC समाज से आते हैं और संगठन व सरकार, दोनों स्तरों पर उनकी स्वीकार्यता मानी जाती है।
नामांकन कल, 14 दिसंबर को तय होगा अध्यक्ष का नाम
बीजेपी प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में 2 से 3 बजे तक नामांकन दाखिल किया जाएगा। इसके बाद 3 से 4 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और 4 से 5 बजे तक नामांकन वापसी का समय तय है। पार्टी के नियमों के मुताबिक 14 दिसंबर, दोपहर 1 बजे प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के नाम आधिकारिक रूप से घोषित किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर मतदान भी कराया जा सकता है, हालांकि मुकाबला होने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।
पार्टी में बढ़ी हलचल, 2027 का चुनाव दांव पर
चूंकि 2027 के विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है, ऐसे में नया प्रदेश अध्यक्ष संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व ऐसा चेहरा सामने लाना चाहता है जो विभिन्न क्षेत्रों और समाज के सभी वर्गों में प्रभाव रखता हो।
राजनीति में तीन दशक से सक्रिय
पंकज चौधरी की राजनीतिक यात्रा 1989 में शुरू हुई, जब उन्होंने गोरखपुर नगर निगम के पार्षद पद पर चुनाव जीतकर राजनीति में प्रवेश किया। उसी वर्ष महाराजगंज जिले के गठन के बाद उन्होंने वहां अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की और लगातार कई बार लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे।
कितने लोग डालेंगे वोट?
प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में 5 लोकसभा सांसद, 8 विधान परिषद सदस्य, 26 विधायक और 425 जिलाध्यक्ष/प्रांतीय परिषद सदस्य मतदान के पात्र हैं। पार्टी के अंदर इसे संगठनात्मक पुनर्रचना के महत्वपूर्ण चरण के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें – Goa Fire Case : लूथरा भाई जल्द भारत लाए जाएंगे: थाईलैंड में हिरासत, डिपोर्टेशन प्रक्रिया तेज़



