पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश: जिन पायलट शिवांगी सिंह को पकड़ने का दावा किया था, वे राष्ट्रपति संग दिखीं

पाकिस्तान का झूठ बेनकाब! जिस महिला पायलट शिवांगी सिंह को पकड़ने का दावा किया गया था, वे अंबाला एयरबेस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ दिखीं।

News Delhi. पाकिस्तान द्वारा फैलाया गया झूठ आखिरकार उजागर हो गया है। जिन भारतीय महिला फाइटर पायलट विंग कमांडर शिवांगी सिंह को लेकर पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है – वे बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ अंबाला एयरबेस पर नजर आईं। राष्ट्रपति ने वहां राफेल जेट से उड़ान भरी और इस ऐतिहासिक मौके पर शिवांगी सिंह भी मौजूद थीं।

दरअसल, कुछ महीने पहले भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसके बाद पाकिस्तान ने झूठा दावा किया था कि उसने भारत का एक राफेल जेट गिराया है और उसकी महिला पायलट शिवांगी सिंह को पकड़ लिया है। अब जब शिवांगी सिंह राष्ट्रपति के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आईं, तो पाकिस्तान की फर्जी कहानी पूरी तरह बेनकाब हो गई।

विंग कमांडर शिवांगी सिंह भारतीय वायुसेना की शान

राफेल उड़ाने वाली भारत की पहली महिला पायलट के तौर पर विंग कमांडर शिवांगी सिंह भारतीय वायुसेना की शान हैं। वाराणसी की रहने वाली शिवांगी ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से स्नातक किया और हैदराबाद स्थित एयर फोर्स अकादमी से ट्रेनिंग लेकर 2017 में फाइटर पायलट बनीं। उन्होंने पहले मिग-21 बाइसन उड़ाया और फिर तेज गति वाले राफेल विमानों को उड़ाने की जिम्मेदारी संभाली।

इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राफेल जेट से उड़ान भरकर इतिहास रच दिया। वे दो फाइटर विमानों (सुखोई और राफेल) में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन गई हैं। राफेल विमान 17वीं स्क्वाड्रन ‘गोल्डन एरोज़’ के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी ने उड़ाया। राष्ट्रपति ने उड़ान से पहले जी-सूट पहना और पायलटों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। विमान ने लगभग 30 मिनट तक उड़ान भरते हुए 200 किलोमीटर की दूरी तय की।

अंबाला एयरबेस पर राष्ट्रपति को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बता दें कि इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम (2006) और प्रतिभा पाटिल (2009) ने सुखोई-30 एमकेआई में उड़ान भरी थी। राफेल विमानों को सितंबर 2020 में भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था।

Show More

Related Articles

Back to top button