
Breaking News Odisha: ओडिशा के कटक शहर में स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, आग ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज चल रहा था। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के लिए डॉक्टरों और कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि कई मरीजों की हालत गंभीर होने और उन्हें वेंटिलेटर तथा ऑक्सीजन सपोर्ट पर होने के कारण उन्हें तुरंत बाहर निकालना मुश्किल हो गया, जिससे जानमाल का नुकसान बढ़ गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के बाद राज्य सरकार और अस्पताल प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं और घायलों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक जताया और इसे बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री ने PMNRF से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीँ मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की और पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने के निर्देश दिए।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
Written By: Kalpana Pandey



