
लखनऊ। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, उत्तर प्रदेश (एनयूजे) की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित होटल द कॉन्टिनेंटल में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों के साथ-साथ अधिकांश जनपद इकाइयों के अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार के. बख्श सिंह को एनयूजे, उत्तर प्रदेश का कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नामित किया गया। यह प्रस्ताव प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक कुमार जैन द्वारा रखा गया, जिसे संरक्षक अजय कुमार ने समर्थन दिया। उपस्थित सदस्यों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रस्ताव का स्वागत किया।
प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में तीन प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें ट्रस्ट डीड रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और उसमें शामिल व्यक्तियों की कड़ी निंदा, तथा यह निर्णय शामिल रहा कि ट्रस्ट के पदाधिकारी अब एनयूजे, उत्तर प्रदेश के किसी भी स्तर पर सदस्य नहीं रहेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों ने संगठनात्मक एकता, पारदर्शिता और जनपद इकाइयों को सशक्त करने पर जोर दिया। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अतुल मोहन सिंह ने कहा कि संगठन में हर सदस्य समान रूप से महत्वपूर्ण है और नेतृत्व को समान सम्मान का वातावरण बनाना चाहिए।
संगठन को मजबूती देने के लिये प्रतिबद्ध
कार्यवाहक अध्यक्ष बने के. बख्श सिंह ने कहा कि वे सदस्यों की उम्मीदों, आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और संगठन को मजबूती देने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
संरक्षक एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह ने स्पष्ट किया कि विवाद की जड़ बने नवगठित ट्रस्ट को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही उत्तर प्रदेश इकाई के चुनाव कराए जाएंगे, जो केंद्रीय पर्यवेक्षक और चुनाव अधिकारी की देख-रेख में निष्पक्ष रूप से सम्पन्न होंगे।
बैठक के दौरान प्रयागराज के सदस्य मनोज कुमार का जन्मदिन भी मंच पर केक काटकर मनाया गया। अंत में लखनऊ इकाई द्वारा प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया।



