
No Confidence Motion : Om Birla के खिलाफ विपक्षी दलों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को लोकसभा में वॉइस वोट के जरिए खारिज कर दिया गया। विपक्षी सांसदों के हंगामे और नारेबाजी के बीच प्रस्ताव पर मतदान कराया गया।
सदन की कार्यवाही के दौरान पीठासीन अधिकारी Jagadambika Pal ने विपक्षी सदस्यों से बार-बार अपनी सीटों पर लौटने और प्रस्ताव पर मतदान की प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया। हालांकि हंगामा जारी रहने पर उन्होंने सदन की राय जानने के लिए वॉइस वोट कराया, जिसमें अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
इससे पहले चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्होंने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्रतिष्ठा पर सवाल खड़ा किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने स्पीकर को मध्यस्थ और निष्पक्ष संरक्षक की भूमिका दी है। सदन की कार्यवाही आपसी विश्वास और नियमों के पालन के आधार पर चलती है, इसलिए स्पीकर की निष्पक्षता पर संदेह करना उचित नहीं है।
शाह ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में संसद के दोनों सदनों ने देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी है। ऐसे में स्पीकर की भूमिका को लेकर सवाल उठाना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि संसद कोई बाजार नहीं है, बल्कि यहां नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार ही चर्चा और बहस होती है।



