Nitin Naveen BJP President: नितिन नवीन बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रतापगढ़ से आई शुभकामनाएं

Nitin Naveen BJP President: भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्वाचन पर सदर प्रतापगढ़ से पूर्व प्रत्याशी एवं भाजपा नेता डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एक ऐसे नेतृत्वकर्ता हैं, जिनमें संगठनात्मक अनुभव, वैचारिक निष्ठा और कार्यकर्ता आधारित राजनीति की गहरी समझ है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन ने बिहार, छत्तीसगढ़ और मिजोरम जैसे राज्यों में संगठन को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई है, जिसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे देश में देखने को मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र — “व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा राष्ट्र” — ही उसे विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाता है। भाजपा की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और राष्ट्रहित पर आधारित विचारधारा में निहित है, जिस पर देश की करोड़ों जनता ने भरोसा जताया है।

डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने विकास, सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण जैसे विषयों को केवल बहस तक सीमित न रखकर ठोस समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का मंत्र आज राष्ट्रीय संकल्प बन चुका है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी। पार्टी देश को समर्थ भारत, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की दिशा में ले जाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। अंत में डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुनः बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

रिपोर्ट:
उमेश पाण्डेय
जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button