
Nitin Naveen : बिहार सरकार में मंत्री और पांच बार के विधायक नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी ने नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के बाद नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति पार्टी के हर समर्पित कार्यकर्ता की मेहनत का सम्मान है।
पटना स्थित अपने आवास के बाहर पत्रकारों से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं केंद्रीय नेतृत्व का दिल से धन्यवाद करता हूं। प्रधानमंत्री का आशीर्वाद और उनका नेतृत्व हमें निरंतर मार्गदर्शन देता है, जिसे मैं आगे बढ़ाने का प्रयास करूंगा।”
एजेंसी से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि बीजेपी में समर्पण और मेहनत को हमेशा पहचाना जाता है। उन्होंने कहा, “जब आप एक समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर लगातार काम करते हैं, तो पार्टी के वरिष्ठ नेता उस पर ध्यान देते हैं। मैं पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को और मजबूत करूंगा।”
बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि नितिन नवीन की यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। उन्होंने जनवरी 2020 से राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे जेपी नड्डा की जगह ली है। जब तक पार्टी किसी नए पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा नहीं करती, तब तक नितिन नवीन यह जिम्मेदारी निभाएंगे। उनके सामने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु सहित कई राज्यों में आगामी चुनावों की तैयारियों का अहम दायित्व होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बधाई दी
नितिन नवीन की नियुक्ति पर एनडीए सहयोगी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि नितिन नवीन एक अनुशासित और समर्पित नेता हैं, जो नई जिम्मेदारी के साथ पार्टी को मजबूती देंगे।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे बीजेपी के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि बिहार के एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में नितिन नवीन ने संगठन में लगातार समर्पण के साथ काम किया है। बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
45 वर्षीय नितिन नवीन अब तक के सबसे कम उम्र के बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्षों में शामिल हो गए हैं। वह न केवल बिहार से, बल्कि पूर्वी भारत से भी इस पद पर पहुंचने वाले पहले नेता हैं। इससे पहले वे बिहार सरकार में सड़क निर्माण, शहरी विकास एवं आवास और विधि विभाग जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
यह भी पढ़ें – Australia Terror Attack : शूटर की पहचान, आतंकी हमले की जांच तेज



