
PM Modi New Office : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यालय अब साउथ ब्लॉक से नए परिसर में शिफ्ट होने जा रहा है। 13 फरवरी 2026 को पीएम मोदी दिल्ली में नए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) परिसर ‘सेवा तीर्थ’ का उद्घाटन करेंगे। यह परिसर सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना का अहम हिस्सा है और अत्याधुनिक सुरक्षा, तकनीक एवं पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं से लैस है।
प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे सेवा तीर्थ नाम का अनावरण करेंगे, जबकि शाम करीब 6 बजे कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे एक सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
साउथ ब्लॉक छोड़कर सेवा तीर्थ बनेगा पीएमओ का नया पता
स्वतंत्रता के बाद से प्रधानमंत्री कार्यालय साउथ ब्लॉक में कार्यरत था, लेकिन अब यह दारा शिकोह रोड स्थित सेवा तीर्थ परिसर में स्थानांतरित होगा। इस नए परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) और कैबिनेट सचिवालय को एक ही छत के नीचे लाया गया है, जिससे प्रशासनिक समन्वय और निर्णय प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी। PMO के साउथ ब्लॉक से हटने के बाद वहां संरक्षण और रेट्रोफिटिंग का कार्य किया जाएगा।
कर्तव्य भवन-1 और 2 में शिफ्ट होंगे कई मंत्रालय
कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 में कई प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों को स्थानांतरित किया जाएगा। इनमें वित्त, रक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, संस्कृति, कानून एवं न्याय, सूचना एवं प्रसारण, कृषि एवं किसान कल्याण, कॉर्पोरेट मामले, रसायन एवं उर्वरक और जनजातीय मामले शामिल हैं। इससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
हाई-टेक सुरक्षा और पर्यावरण अनुकूल डिजाइन
नया PMO परिसर 4-स्टार GRIHA मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें नवीकरणीय ऊर्जा प्रणाली, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, स्मार्ट एक्सेस कंट्रोल, हाई-एंड निगरानी नेटवर्क और उन्नत आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली शामिल हैं। डिजिटल एकीकरण, केंद्रीकृत रिसेप्शन और संरचित जन-संपर्क क्षेत्रों के माध्यम से यह परिसर नागरिक-केंद्रित शासन को मजबूती देगा।
प्रशासनिक व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव
PMO के अनुसार, सेवा तीर्थ का उद्घाटन भारत की प्रशासनिक शासन संरचना में एक परिवर्तनकारी मील का पत्थर है। यह प्रधानमंत्री मोदी की आधुनिक, पारदर्शी, कुशल और नागरिक-केंद्रित शासन प्रणाली के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



