
PM Modi Gujarat visit : प्रधानमंत्री Narendra Modi 31 मार्च 2026 को गुजरात दौरे पर महत्वपूर्ण रेल अवसंरचना परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करना, औद्योगिक गतिविधियों को गति देना और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री कनालस–जामनगर (28 किमी) दोहरीकरण परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो राजकोट–कनालस लाइन का अहम हिस्सा है। इस परियोजना से राजकोट और जामनगर के बीच ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी और यात्रा अधिक सुगम व तेज होगी। जामनगर, जो पेट्रोलियम और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, वहां माल ढुलाई व्यवस्था में भी सुधार होगा।
इसके साथ ही गांधीधाम–आदिपुर (10.69 किमी) खंड के चौगुनीकरण का भी उद्घाटन किया जाएगा। इससे कच्छ क्षेत्र में मालगाड़ियों की आवाजाही तेज होगी और बंदरगाह आधारित विकास को मजबूती मिलेगी। इससे भीड़भाड़ में कमी आएगी और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क अधिक प्रभावी बनेगा।
बाजार से जुड़ सकेंगे किसान और व्यापारी
प्रधानमंत्री हिम्मतनगर–खेड़ब्रह्मा (54.83 किमी) गेज रूपांतरण परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे उत्तरी गुजरात के आदिवासी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक आसान पहुंच मिलेगी, वहीं किसानों और छोटे व्यापारियों को बड़े बाजारों से जुड़ने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, खेदब्रह्मा–हिम्मतनगर–असरवा नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी, जिससे साबरकांठा क्षेत्र के लोगों को अहमदाबाद से सीधा संपर्क मिलेगा। इससे दैनिक यात्रियों, छात्रों और मरीजों को विशेष लाभ होगा।
इन परियोजनाओं के माध्यम से औद्योगिक केंद्रों, बंदरगाहों और कृषि क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा। सरकार का मानना है कि इससे व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और गुजरात में समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा।



