
नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में एक युवती के साथ हुई डरावनी घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि हल्द्वानी से नैनीताल जाते समय टैक्सी चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। अपनी सुरक्षा के लिए युवती ने चलती कार से कूदकर जान बचाई और रात भर जंगल के पास छिपकर बितानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार युवती गुरुवार देर रात हल्द्वानी से टैक्सी लेकर नैनीताल के लिए रवाना हुई थी। पहाड़ी रास्तों से गुजरते समय चालक का व्यवहार अचानक बदल गया। युवती का आरोप है कि चालक नशे में था और उसने रास्ते में उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। जब युवती ने इसका विरोध किया तो चालक ने गाड़ी को मुख्य सड़क से हटाकर सुनसान लिंक रोड की ओर मोड़ दिया।
स्थिति को खतरनाक समझते हुए युवती ने साहस दिखाया और मौका देखकर गाड़ी से कूदकर जंगल की ओर भाग गई। आसपास घना जंगल और सन्नाटा होने के कारण उसे मदद के लिए कोई नहीं मिला। डर के कारण वह पूरी रात सड़क किनारे झाड़ियों के बीच छिपी रही। उसे आशंका थी कि आरोपी चालक आसपास ही हो सकता है।
Also Read: Agniveer Apply Online: अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए आवेदन शुरू, 25 हजार से ज्यादा पदों पर मिलेगा मौका
शुक्रवार सुबह एक स्थानीय व्यक्ति की नजर युवती पर पड़ी। उसकी हालत देखकर उसने तुरंत मदद की और उसे नैनीताल पुलिस स्टेशन पहुंचाया। इसके बाद युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने युवती को मेडिकल जांच के लिए बीडी पांडे अस्पताल भेजा है और आरोपी टैक्सी चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
Written By: Kalpana Pandey



