Muzaffarpur News: भूसे और प्याज की आड़ में तस्करी, पुलिस ने पकड़ी 70 लाख की विदेशी शराब

Muzaffarpur News: होली पर्व से ठीक पहले बिहार के Muzaffarpur में पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। 24 घंटे के भीतर की गई कार्रवाई में करीब 70 लाख रुपये से अधिक मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान एक ट्रक और तीन पिकअप वैन को जब्त किया गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़े पैमाने पर शराब की खेप जिले में पहुंचाई जा रही है। इसी आधार पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई। गरहा थाना इलाके के पटियासा क्षेत्र में प्याज से लदे एक ट्रक की जांच की गई तो उसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। ट्रक में ऊपर प्याज की बोरियां रखी गई थीं, जबकि नीचे सैकड़ों कार्टन अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी। मौके से शराब उतारने के लिए बुलाई गई तीन पिकअप गाड़ियों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

इसी अभियान के तहत मनियारी थाना क्षेत्र में भी एक पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। यह वाहन धान के भूसे से लदा हुआ था, जिसके नीचे विदेशी शराब छिपाई गई थी। पुलिस को देखते ही चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।

Also Read: https://unitedbharat.net/railway-apprentice-recruitment-2025-5349-posts-rrc-wr-hindi/

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, करीब 4 हजार लीटर शराब जब्त की गई है। होली के मद्देनजर जिले में विशेष निगरानी रखी जा रही है और तस्करों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। संबंधित थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Written By: Kalpana Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button