
कप्तानगंज (कुशीनगर)। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसा में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी मां और पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम परसा निवासी सिकंदर गुप्ता का रविवार की शाम किसी बात को लेकर अपनी मां और पत्नी से विवाद हुआ था। सोमवार की सुबह करीब 8 बजे, सिकंदर ने छत पर मच्छरदानी लगाने के लिए रखे गए सीमेंटेड की जमावड़ा को उठाकर अपनी मां रूना देवी (60 वर्ष) पत्नी बनवारी गुप्ता और पत्नी प्रियंका देवी (28 वर्ष) के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद आरोपी छत से ही मृतकों के मांस के टुकड़े नीचे फेंक रहा था, जिसे देखकर राहगीरों ने गांव के प्रधान को सूचना दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सिकंदर गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त था और शराब का आदी भी था। घर में अक्सर मां और पत्नी से उसका विवाद व मारपीट होती रहती थी। रविवार की रात भी उसने दोनों से झगड़ा किया था।
बताया गया कि सिकंदर चार बहनों में इकलौता भाई था। उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व देवरिया जिले के गौरी बाजार में हुई थी। चारों बहनों की शादी हो चुकी है।
पुलिस ने मौके का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रविन्द राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद फॉरेंसिक प्रभारी शशि राय, कसया क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित कर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया।
इस नृशंस हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।



