
New Delhi. देश में बढ़ती महंगाई और लगातार कमजोर होते रुपये को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी के बाद अब संजय राउत ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है।
दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राउत ने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक मोर्चे पर विफल रही है, जबकि प्रधानमंत्री चुनावी राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने गिरते रुपये पर चिंता जताते हुए कहा कि यह देश की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर रहा है। हाल ही में रुपया डॉलर के मुकाबले 93 के पार पहुंच गया, जो एक रिकॉर्ड निचला स्तर है।
इससे पहले राहुल गांधी ने भी चेतावनी दी थी कि बढ़ती ईंधन कीमतें और कमजोर मुद्रा आने वाले समय में महंगाई संकट को और गहरा कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर MSME सेक्टर और आम परिवारों पर पड़ेगा, जिससे रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में तेजी आएगी।
ममता ने सरकार पर उठाये सवाल
वहीं ममता बनर्जी ने भी LPG और ईंधन की बढ़ती कीमतों को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आपूर्ति प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए और कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी आम जनता पर भारी पड़ रही है।
हालांकि, पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में LPG की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी तरह की कमी नहीं है। इसके बावजूद कई जगहों पर लंबी कतारें और घबराहट में खरीदारी देखने को मिल रही है, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।



