
Mathura News-मथुरा में ब्रज की होली परंपराओं की शुरुआत सोमवार हो गई है। पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के विश्वविख्यात ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर में आज से ब्रज के सुप्रसिद्ध रसियाओं का गायन विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति और संगीत का वातावरण देखा गया।
सोमवार मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि पूर्वान्ह ढप का पूजन किया गया। यह पूजन मंदिर के अधिकारी वैद्य अशोक कुमार और मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद ब्रज फाग रसिया मंडल के मुख्य कलाकार चुन्नीलाल को पटका पहनाकर रसिया गायन कार्यक्रम का शुभारंभ कराया गया। उन्होंने जानकारी दी कि प्रतिदिन 10 बजे से 11 बजे तक ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर में ब्रज के प्रसिद्ध रसियाओं का गायन होगा। यह लगातार होली तक जारी रहेगा।
इस रसिया गायन में रसिया मंडल के सदस्य चुन्नीलाल चतुर्वेदी, छैल बिहारी बाबा, प्रमुख चतुर्वेदी, बासदीप चतुर्वेदी, अमित पाठक, शशांक चतुर्वेदी, निखिल चतुर्वेदी, नारायण चतुर्वेदी सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आज पहले दिन “मेरी चुनर में लग जाए दाग री, ऐसा चटक रंग डालो” जैसे प्रसिद्ध होली रसियाओं का गायन किया गया। राजभोग के दौरान सुबह 10 से 11 बजे तक चले इस रसिया गायन का देश-विदेश से आए तीर्थ यात्रियों और भक्तों ने श्रवण किया।
उल्लेखनीय है कि मथुरा-ब्रज के मंदिरों में बसंत पंचमी से ही होली का शुभारंभ हो जाता है। हालांकि, ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर में परंपरागत रूप से पूर्णिमा के दिन डाड़ा डालने के बाद होली का प्रवाह प्रारंभ होता है। आज से मंदिर में ठाकुर श्री द्वारकाधीश प्रतिदिन होली खेलेंगे और रसिया गायन के माध्यम से भक्तों को ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराएंगे।
Mathura News-Read Also-Rahul Gandhi Parliament Controversy : ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ न करें’, लोकसभा हंगामे के बाद राहुल गांधी पर किरण रिजिजू का हमला



