
President Controversy : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने राष्ट्रपति Droupadi Murmu के सम्मान को लेकर उठे विवाद पर प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि हर चुनाव के समय पश्चिम बंगाल सरकार को बेवजह निशाना बनाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही राज्य सरकार पर आरोप लगाने की राजनीति शुरू हो जाती है।
कार्यक्रम स्थल को लेकर पहले ही जताई थी आपत्ति
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू के कार्यक्रम को लेकर जिस विवाद को तूल दिया जा रहा है, उसके आयोजन स्थल को लेकर उन्होंने पहले ही पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने फेसबुक पर भी जानकारी साझा की थी, लेकिन उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया गया। ममता ने कहा कि अब उसी मामले में पश्चिम बंगाल सरकार को दोषी ठहराया जा रहा है, जबकि यह केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र से जुड़ा विषय था।
धरने पर होने के कारण नहीं पहुंच सकीं
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान उन्हें रिसीव करने के लिए नहीं पहुंचने को लेकर हो रही आलोचना पर ममता बनर्जी ने कहा कि वह उस समय लोगों के अधिकारों के लिए धरने पर बैठी थीं।
दरअसल, वह कोलकाता में टीएमसी के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही हैं, जो राज्य में चल रहे एक मुद्दे को लेकर तीसरे दिन भी जारी रहा।
पुरानी तस्वीर दिखाकर पीएम मोदी पर आरोप
इस दौरान मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने एक पुरानी तस्वीर दिखाते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi पर भी निशाना साधा। तस्वीर में राष्ट्रपति Droupadi Murmu खड़ी होकर भाजपा के वरिष्ठ नेता Lal Krishna Advani को भारत रत्न से सम्मानित करती नजर आ रही हैं, जबकि प्रधानमंत्री बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
ममता बनर्जी ने कहा, “हम राष्ट्रपति का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन जो लोग हमें उपदेश दे रहे हैं, उन्हें भी अपने व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए।”
चुनावी राजनीति का आरोप
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी चुनाव के समय वोट हासिल करने के लिए पश्चिम बंगाल को निशाना बनाते हैं।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में ममता सरकार पर राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे के दौरान प्रोटोकॉल का पालन न करने और महिला दिवस के मौके पर ‘नारी शक्ति’ का अपमान करने का आरोप लगाया था।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन की प्राथमिकताओं में हमेशा शामिल रहा है।



