Lucknow Update – महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज कानपुर के छात्रों ने किया विधानसभा भ्रमण, अध्यक्ष सतीश महाना ने साझा किए लोकतांत्रिक अनुभव

Lucknow Update – कानपुर के महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं का एक दल आज उत्तर प्रदेश विधानसभा के भ्रमण पर पहुँचा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने छात्रों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था की गहन जानकारी प्रदान की।

 

श्री महाना ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विधायक जनता से सबसे निकट जुड़ा जनप्रतिनिधि होता है। उसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में काम करना है। उन्होंने कहा कि पहली बार चुनाव जीतना अपेक्षाकृत सरल हो सकता है, किंतु लगातार जनता का विश्वास अर्जित करना कहीं अधिक कठिन कार्य है और यही किसी जनप्रतिनिधि की असली पहचान है।

विधानसभा अध्यक्ष ने विधायिका की भूमिका और महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधायिका ही वह सर्वोच्च मंच है जहां जनता की आवाज उठती है, समस्याओं पर चर्चा होती है और समाधान हेतु कानून बनाए जाते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था कभी कमजोर नहीं होती, केवल व्यक्ति यदि अपने कर्तव्यों से विमुख हों तो उसकी छवि प्रभावित होती है।

उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे इस अनुभव को केवल अपने तक सीमित न रखें बल्कि घर-परिवार और मित्रों के साथ साझा करें। महाना ने कहा कि ऐसे भ्रमण युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आस्था और प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं।

भ्रमण के दौरान छात्रों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली का निकट से अवलोकन किया और कई सवाल पूछे। श्री महाना ने उनके उत्साह और जागरूकता की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यही युवा भविष्य में लोकतंत्र को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।

 

Show More

Related Articles

Back to top button