Lucknow News : पॉलीथीन विक्रेताओं पर कार्रवाई के दौरान नगर निगम टीम पर हमले का प्रयास, FIR दर्ज

Lucknow News : लखनऊ नगर निगम ने सीतापुर रोड पर प्रतिबंधित पॉलीथीन बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।

Lucknow News : नगर आयुक्त के निर्देश पर लखनऊ नगर निगम ने बुधवार, 19 नवम्बर 2025 को जोन–03 अंतर्गत सीतापुर रोड क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलीथीन बिक्री एवं स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व जोनल सेनेटरी अधिकारी मनोज यादव ने किया, जबकि सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आकांक्षा गोस्वामी, पुष्कर सिंह पटेल, सुमित मिश्रा, प्रमोद कुमार गौतम तथा 296 प्रवर्तन दल के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई में भाग लिया।

अभियान के दौरान कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सिंगल–यूज पॉलीथीन के उपयोग और बिक्री की जांच की गई। टीम ने अवैध पॉलीथीन मिलने पर कई दुकानें रोकीं और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की। इसी बीच कुछ दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया और स्थिति तब बिगड़ गई जब भीड़ इकट्ठा कर टीम पर हमला करने का प्रयास किया गया।

जानकारी के अनुसार शुभम अवस्थी, मोहित गुप्ता सहित लगभग 15 अज्ञात व्यक्तियों ने न केवल टीम को धमकाया बल्कि जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। इसके बावजूद निरीक्षण टीम ने संयम बरतते हुए अभियान पूरा किया और किसी तरह की दबाव की स्थिति में झुके बिना अपना काम जारी रखा।

घटना के बाद नगर निगम टीम ने सरकारी कार्य में बाधा, हमले के प्रयास व अशोभनीय भाषा के उपयोग के खिलाफ नवीन गल्ला मंडी चौकी में FIR दर्ज कराने हेतु प्रार्थना पत्र दिया है।

7,900 रुपए का जुर्माना वसूला गया

अभियान के दौरान जोन–03 की टीम ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल–यूज प्लास्टिक जब्त की। कुल 05 किलोग्राम पॉलीथीन बरामद कर निगम कोष में जमा कराया गया, जबकि स्वच्छता उल्लंघन के मामलों में 13 चालान जारी कर कुल ₹7,900 का जुर्माना वसूला गया।

नगर निगम प्रशासन ने कहा कि प्रतिबंधित पॉलीथीन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुँचाती है, बल्कि नालियों के अवरोध और जलभराव की मुख्य वजह भी बनती है। निगम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों में किसी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें – World Toilet Day : लखनऊ में नगर निगम ने चलाए विशेष अभियान, नए शौचालयों का उद्घाटन और कर्मचारियों का सम्मान

साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे सिंगल–यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग दें, ताकि स्वच्छ और सुंदर लखनऊ का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

Show More

Related Articles

Back to top button