
Purvanchal Expressway Accident : राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जौखंडी गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना हादसे की वजह हो सकता है।
प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।



