
लखनऊ: नवनीत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, लखनऊ द्वारा भारत की महान वीरांगनाओं के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करने के उद्देश्य से एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, विपिनखंड, लखनऊ में किया जाएगा। इस समारोह में देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के संस्थापक एवं आयोजक प्रो. अमरीक सिंह (पूर्व कुलपति) ने बताया कि इस समारोह का उद्देश्य भारतीय इतिहास की महान वीरांगनाओं की स्मृति को सहेजना और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरित करना है। समारोह में रानी लक्ष्मीबाई, रानी पद्मावती, रानी दुर्गावती, रजिया सुल्ताना, बेगम हजरत महल, हाड़ी रानी, वेलू नचियार, रानी अवंती बाई, पन्ना धाय, रानी चिन्नम्मा तथा रानी अहिल्याबाई होल्कर सहित 11 वीरांगनाओं के नाम से राष्ट्रीय अवार्ड प्रदान किए जाएंगे।
इसके साथ ही लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्षों की स्मृति में भी 13 मेमोरियल नेशनल अवार्ड प्रदान किए जाएंगे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र तथा उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
इस कार्यक्रम में देशभर से शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को राष्ट्रीय सम्मान देकर उनके योगदान को सराहा जाएगा तथा वीरांगनाओं के प्रेरक जीवन प्रसंगों पर भी चर्चा की जाएगी।
रिपोर्ट: निखिल श्रीवास्तव



