
Lucknow News: लखनऊ में आयोजित एक जागरूकता सेमिनार में विशेषज्ञों ने साफ किया कि HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस सिर्फ महिलाओं की बीमारी नहीं है, बल्कि यह पुरुषों में भी कई तरह के गंभीर कैंसर का कारण बन सकता है। “Cervical Cancer – Empower the Storytellers” नाम से हुए इस कार्यक्रम में बताया गया कि HPV से गले, जननांग और अन्य अंगों से जुड़े कम से कम 10 तरह के कैंसर हो सकते हैं।
SGPGIMS की प्रोफेसर इंदु लता ने कहा कि अब तक HPV को केवल सर्वाइकल कैंसर से जोड़कर देखा जाता रहा है, जबकि हकीकत यह है कि पुरुष भी इससे उतने ही प्रभावित होते हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों में HPV संक्रमण की बड़ी भूमिका है, लेकिन अब यह समझना जरूरी है कि पुरुषों में भी इसके खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सेमिनार में यह भी बताया गया कि अब मेडिकल दुनिया में शब्दावली बदल रही है। पहले जहां सिर्फ “सर्वाइकल कैंसर” पर फोकस था, अब “HPV कैंसर” शब्द का इस्तेमाल बढ़ रहा है ताकि यह साफ हो सके कि यह वायरस महिलाओं और पुरुषों दोनों को प्रभावित करता है।
यह कार्यक्रम चिल्ड्रेन यूनाइटेड फाउंडेशन और स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया था। इसमें SGPGIMS, CDRI, सीरम इंस्टीट्यूट और महाराजा बिजली पासी पीजी कॉलेज जैसे संस्थानों का सहयोग रहा। सेमिनार में करीब 500 से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें बड़ी संख्या में युवतियां मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का मकसद युवाओं को HPV से जुड़ी सही जानकारी देना और उन्हें समय रहते जागरूक करना था ताकि भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सके।
कुल मिलाकर यह सेमिनार एक मजबूत संदेश देकर गया कि HPV सिर्फ महिलाओं की नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की स्वास्थ्य जिम्मेदारी से जुड़ा मुद्दा है।



