
LPG Price Hike India: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव का असर अब भारत के ऊर्जा बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के बीच देश में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नई कीमतें 7 मार्च से लागू हो गई हैं, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की संभावना है।
नई दरों के अनुसार 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 863 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत लगभग 1883 रुपये हो गई है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है और अब वहां 19 किलो वाला सिलेंडर करीब 1835 रुपये में मिल रहा है। गैस के दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Also Read: Women’s Day Special: खुद से किए ये 5 संकल्प महिलाओं की जिंदगी में ला सकते हैं बड़ा बदलाव
विशेषज्ञों का कहना है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति का सीधा असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ता है। हाल के घटनाक्रम के बाद कच्चे तेल और गैस की अंतरराष्ट्रीय कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दरअसल भारत अपनी एलपीजी जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश में एलपीजी की कुल मांग का एक बड़ा भाग विदेशों से मंगाया जाता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर भारत में भी देखने को मिलता है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय तनाव के चलते कच्चे तेल की आपूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर भी दबाव बढ़ गया है। अगर हालात लंबे समय तक ऐसे ही बने रहते हैं, तो आने वाले समय में ऊर्जा कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
Written By: Kalpana Pandey



