
Kolkata: मुर्शिदाबाद में वक्फ़ विवाद के बाद अब उसकी आंच बालुरघाट तक पहुंच गई है। शनिवार को भाजपा के केंद्रीय नेता और राज्य अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में जुलूस निकालते समय जिला शासक कार्यालय के सामने तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस पर हल्का लाठीचार्ज करने का आरोप लगा है।
इस रैली का आयोजन मुर्शिदाबाद में वक्फ़ विवाद और राज्यभर में 26 हजार शिक्षक-अशिक्षक कर्मचारियों की नौकरी छिनने के विरोध में किया गया था। बालुरघाट के मदर टेरेसा मोड़ से शुरू होकर यह रैली पूरे शहर से होती हुई जिला शासक कार्यालय के समीप पहुंची, जहां पहले से ही हाइ सिक्योरिटी ज़ोन घोषित कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
रैली के जिला शासक कार्यालय पहुंचते ही पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किए जाने से माहौल गरमा गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
भाजपा की ओर से यह आरोप लगाया गया है कि शांतिपूर्ण विरोध को बलपूर्वक दबाया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि सुरक्षा कारणों से ही रैली को हाइ सिक्योरिटी ज़ोन में प्रवेश से रोका गया था।
Kolkata: also read- Mumbai: राज ठाकरे ने बढ़ाया मिलन का हाथ, लेकिन उद्धव ठाकरे ने रखी शर्त
गौरतलब है कि हाल के दिनों में वक्फ़ संपत्ति को लेकर मुर्शिदाबाद में हुए विवादों और हिंसक घटनाओं ने राज्य की राजनीति को उबाल पर ला दिया है। ऐसे में भाजपा लगातार राज्य सरकार पर अल्पसंख्यक तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतर रही है।