
लंदन। विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने लंदन में आयोजित 26वीं कॉमनवेल्थ विदेश मंत्रियों की बैठक (सीएफएएमएम) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, एआई और आपदा लचीलापन में सहयोग पर जोर दिया। राज्यमंत्री ने ग्लोबल साउथ की जरूरतों और एक भविष्य के लिए तैयार कॉमनवेल्थ का आह्वान भी किया।
इस दौरान उन्होंने भविष्य के लिए सुधार के साथ तैयार ऐसे कॉमनवेल्थ की मांग की, जो सदस्य देशों को वास्तविक लाभ दे। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा सीएफएएमएम 26 के पहले दिन की व्यस्त मीटिंग के आखिर में, कॉमनवेल्थ की सेक्रेटरी-जनरल शर्ली बोट्चवे से मुलाकात हुई। बातचीत में डेवलपमेंट, ट्रेड और ज़िम्मेदार एआई में कॉमनवेल्थ की भूमिका को मज़बूत करने, सीएचओजीएम और मेंबरशिप से जुड़े सुधारों को आगे बढ़ाने और मेंबर देशों में गवर्नेंस तथा इनक्लूजन को बढ़ाने के लिए भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का फ़ायदा उठाने पर फ़ोकस रहा।
कीर्तिवर्धन सिंह और अन्य नेताओं ने कॉमनवेल्थ विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान एक फैमिली फोटो भी खिंचवाई। इस तस्वीर को सोशल मीडिया मंच पर साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यह एकता और साझा उद्देश्य का प्रतीक है और कॉमनवेल्थ देशों के बीच सहयोग एवं संवाद को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दिखाता है।
Also Read: Health & Lifestyle: धूप से काले पड़ गए हाथ? टैनिंग हटाने के लिए अपनाएं ये असरदार देसी नुस्खे
कॉमनवेल्थ 56 देशों का एक संगठन है, जो विकास, लोकतंत्र और शांति के लिए मिलकर काम करता है। यह कॉमनवेल्थ मेंबर्स, खासकर स्मॉल स्टेट्स और स्मॉल आइलैंड डेवलपिंग स्टेट्स (एसआईडीएस) के साथ भारत के जुड़ाव को गहरा करने के लिए एक जरूरी प्लेटफॉर्म के तौर पर काम करता है।
अपनी इस यात्रा के दौरान कीर्तिवर्धन सिंह कॉमनवेल्थ डे समारोह में भी शामिल हुए। इसके अलावा उन्होंने बैठक में शामिल होने आए विभिन्न देशों के अपने समकक्षों और अन्य प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी की। ब्रिटेन की यात्रा के बाद राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह 10 से 12 मार्च तक चिली का दौरा करेंगे। वहां वे भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जोस एंटोनियो कास्ट के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)



