
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) एक बार फिर विवादों में है। संस्थान में एमडी की पढ़ाई कर रही एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर ने विभाग के एक एडिशनल प्रोफेसर पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। प्राथमिक जांच में शिकायत को प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद आरोपी प्रोफेसर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पीड़ित डॉक्टर ने अपने परिजनों के साथ आकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को विभागीय कार्य से अलग कर दिया। जांच पूरी होने तक वह किसी भी शैक्षणिक या प्रशासनिक गतिविधि में शामिल नहीं होगा।
संस्थान के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय ने इस मामले में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई है। निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए केस को संस्थान की विशाखा कमेटी को सौंप दिया गया है। कमेटी ने पीड़िता का बयान दर्ज करने के साथ-साथ आरोपी पक्ष से भी पूछताछ की है।
Also Read: Crime Update: मंगलुरु का कुख्यात अपराधी सफवान हुसैन गिरफ्तार, 9 साल से विदेश में था फरार
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में भी KGMU से जुड़े उत्पीड़न के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे संस्थान की छवि पर सवाल उठे हैं। ऐसे में यह ताजा मामला प्रशासन के लिए संवेदनशील माना जा रहा है।
फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है और अंतिम निर्णय विशाखा कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोष सिद्ध होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Written By: Kalpana Pandey



