
Bihar Accident News: बिहार के कटिहार जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद देश के शीर्ष नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।
हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कटिहार में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र में हुआ यह हादसा बेहद दुखद है। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। साथ ही अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा, ‘कटिहार में बस और पिकअप में टक्कर से हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना दुःखद और पीड़ादायक है।इस भयावह हादसे में 10 लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा तथा पीड़ित परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
Also Read: Amarnath Yatra 2026: 3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, एलजी मनोज सिन्हा ने दी जानकारी
Written By: Kalpana Pandey


