
Kashi Vishwanath Dham- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च रविवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में महिलाओं के लिए दर्शन पूजन की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए उन्हें मंदिर के द्वार संख्या 4-बी से विशेष रूप से प्रवेश व्यवस्था की गई है। इसके लिए महिलाओं से किसी प्रकार का टिकट अथवा शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार की शाम मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ विश्वभूषण मिश्र ने दी।
उन्होंने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में समस्त मातृशक्ति एवं महिलाओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है। इस विशेष व्यवस्था के अंतर्गत द्वार संख्या 4-बी से सभी महिलाओं को, चाहे वे काशी की निवासी हों अथवा बाहर से आई हों, निःशुल्क प्रवेश प्रदान करते हुए भगवान श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कराए जाएंगे। इस व्यवस्था के अंतर्गत गोद में बच्चों को लिए हुए सभी महिलाओं (चाहे बालक हो या बालिका) को प्राथमिकता के साथ प्रवेश देकर दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रातःकाल 04 से 05 बजे तथा सायंकाल 4:00 से 5:00 बजे तक का समय काशीवासियों के लिए आरक्षित रहेगा । इस दौरान पूर्ववत विशेष दर्शन व्यवस्था यथावत जारी रहेगी। शेष समय में सभी महिलाओं के लिए द्वार संख्या 4-बी से यह विशेष प्रवेश व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से यह कामना की जाती है कि भगवान विश्वनाथ की कृपा एवं मातृशक्ति का आशीर्वाद संपूर्ण मानवता तथा भगवान शिव के सभी भक्तों पर सदैव बना रहे।
Read Also-JDU-STATE-PRESIDENT:तीसरी बार जदयू बिहार प्रदेश अध्यक्ष बने उमेश सिंह कुशवाहा, निर्विरोध हुआ चुनाव



