JDU-STATE-PRESIDENT:तीसरी बार जदयू बिहार प्रदेश अध्यक्ष बने उमेश सिंह कुशवाहा, निर्विरोध हुआ चुनाव

JDU-STATE-PRESIDENT: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता उमेश सिंह कुशवाहा को लगातार तीसरी बार पार्टी का बिहार प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। शुक्रवार को पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक चुनाव की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।

प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार ‘मुन्ना’ और परमहंस कुमार ने उन्हें अध्यक्ष पद का प्रमाण-पत्र सौंपा। इससे पहले उमेश सिंह कुशवाहा ने चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। तय समय-सीमा तक इस पद के लिए उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया। इसके बाद स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें निर्विरोध बिहार प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

इस दौरान प्रस्तावक के रूप में राज्य सरकार की मंत्री लेसी सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक रत्नेश सदा, पूर्व मंत्री एवं विधायक शीला मंडल और डॉ. पूनम सिंह मौजूद रहीं। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेताओं की भी उपस्थिति रही।

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और आशीर्वाद में उन्हें तीसरी बार संगठन की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष नीतीश कुमार के नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और गतिशील बनाने के लिए वे लगातार काम करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के मूल मंत्र “न्याय के साथ विकास” को समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, राज्य सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, रामसेवक सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक जयंत राज, विधायक अजय कुमार चौधरी, इंद्रदेव पटेल, बबलू मंडल और पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button