
Lucknow News : लखनऊ स्थित रिसर्च डिज़ाइन्स एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गनाइजेशन (RDSO) का शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। यह यात्रा भारत सरकार के Development Communication and Information Dissemination (DCID) कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई, जिसमें पत्र सूचना कार्यालय (PIB) लखनऊ के अधिकारी भी शामिल रहे।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आरडीएसओ की विभिन्न परीक्षण प्रयोगशालाओं और अनुसंधान सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें भारतीय रेलवे को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और कुशल बनाने के लिए अपनाई जा रही अत्याधुनिक तकनीकों और नवाचारों की जानकारी दी गई।
आरडीएसओ के महानिदेशक प्रभास दनसाना और वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर संगठन की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आरडीएसओ भारतीय रेलवे को तकनीकी सहयोग प्रदान करने वाला एक प्रमुख संस्थान है, जो नई तकनीकों, रिसर्च और नवाचारों के जरिए रेलवे नेटवर्क को और मजबूत बना रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर सवाल भी पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर दिया गया। महानिदेशक ने कहा कि आरडीएसओ का उद्देश्य रेलवे को सुरक्षित, विश्वसनीय और भविष्य के अनुरूप विकसित करना है।
यह दौरा मीडिया प्रतिनिधियों के लिए भारतीय रेलवे के तकनीकी और अनुसंधान कार्यों को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ, जिससे आरडीएसओ की अहम भूमिका स्पष्ट हुई।



