
IRIS Lavan : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक भारत सरकार ने ईरानी जहाज IRIS Lavan को केरल के Kochi बंदरगाह पर डॉक करने की अनुमति दी थी।
यह फैसला उस घटना से कुछ दिन पहले लिया गया, जब श्रीलंका के तट के पास ईरान का युद्धपोत IRIS Dena अमेरिकी टॉरपीडो से टकराने के बाद डूब गया था।
4 मार्च को कोच्चि में किया गया डॉक
सूत्रों के अनुसार, ईरान की ओर से 28 फरवरी को भारत से अनुरोध किया गया था। इसके बाद जब अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष शुरू हुआ, तब 4 मार्च को IRIS Lavan को कोच्चि में डॉक करने की अनुमति दे दी गई।
समाचार एजेंसी Press Trust of India (PTI) के अनुसार, जहाज को सुरक्षित रूप से कोच्चि पोर्ट पर लाया गया।
183 क्रू मेंबर को मिली नौसेना सुविधाएं
सूत्रों ने बताया कि जहाज के 183 क्रू मेंबर फिलहाल कोच्चि में भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे हुए हैं। उन्हें आवश्यक सहायता और ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति पर दुनिया की नजर बनी हुई है।



