
International Flights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरू होने से पहले एक नया सवाल सामने आ गया है। पश्चिम एशिया में बढ़ते इजरायल-ईरान तनाव का असर अब क्रिकेट टूर्नामेंट की तैयारियों पर भी पड़ता दिख रहा है। दरअसल, इस संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे विदेशी खिलाड़ियों की भारत पहुंचने में देरी की आशंका जताई जा रही है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने फिलहाल टूर्नामेंट के पहले चरण का कार्यक्रम जारी किया है। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 28 मार्च को अपने घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहला मुकाबला खेलेगी। हालांकि बेंगलुरु में होने वाले मैचों के आयोजन को लेकर अंतिम फैसला कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति की मंजूरी पर निर्भर करेगा, जो सुरक्षा और व्यवस्थाओं का आकलन करने के बाद निर्णय लेगी।
बीसीसीआई ने अभी केवल शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल घोषित किया है। पूरे टूर्नामेंट का कार्यक्रम तीन राज्यों—तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल—में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद जारी किया जाएगा। इसके अलावा बोर्ड के लिए पश्चिम एशिया की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है।
Also Read: नई दिल्ली। जेल में सीएम केजरीवाल, भाजपा ने उठाए सवाल! दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में तनाव बढ़ने से दोहा और दुबई जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। इससे कई अंतरराष्ट्रीय यात्राएं बाधित हुई हैं और हवाई किराए में भी भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसी वजह से कुछ विदेशी खिलाड़ियों के भारत आने में देरी की संभावना जताई जा रही है।
आईपीएल 2026 के शुरुआती 20 मैच देश के 10 अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे, जिनमें मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, कोलकाता, गुवाहाटी और न्यू चंडीगढ़ शामिल हैं। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि विदेशी खिलाड़ी समय पर अपनी-अपनी टीमों से जुड़ पाते हैं या नहीं।
Written By: Kalpana Pandey



